Published By:धर्म पुराण डेस्क

सावन के आखिरी सोमवार पर शिवालयों में उमड़े भक्त, प्रदोष का भी शुभ संयोग

शाम 4 बजे महाकाल की निकाली जाएगी 8वीं सवारी

सावन के आखिरी और 8वे सोमवार पर सुबह से ही शिवालयों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। इस बार सावन के सोमवार पर सोम प्रदोष का भी शुभ संयोग बना है। उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर, ओंकारेश्वर मंदिर, मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर और भोजपुर समेत अन्य शिवालय भी जयकारों से गूंज रहे है।

अधिक मास के चलते इस बार सावन दो माह का था, इसलिए इस माह में 8 सोमवार का संयोग भी बना था। वहीं सावन का आठवां और आखिरी सोमवार पर महाकाल मंदिर में भस्म आरती के लिए रात 12 बजे से भक्त कतार में लगना शुरू हो गए थे। मंदिर के पट तड़के 2.30 बजे खोले गए। सबसे पहले भगवान महाकाल को भस्म अर्पित कर पंचामृत अभिषेक पूजन किया गया। भांग, चंदन, अबीर के साथ मस्तक पर त्रिपुंड और आभूषण अर्पित किए गए।

आज शाम 4 बजे महाकाल की 8वीं सवारी निकाली जाएगी। भगवान महाकालेश्वर रजत पालकी में श्री चंद्रमौलेश्वर के रूप में विराजित होंगे। 4 लाख से अधिक भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है।

पंचांग के अनुसार 28 अगस्त को शाम 06 बजकर 22 मिनट तक सावन माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि है। इसके बाद त्रयोदशी तिथि की शुरुआत हो जाएगी। ऐसे में आप सुबह सावन सोमवार व्रत की पूजा के साथ ही शाम को प्रदोष व्रत की पूजा भी कर सकते हैं। इस दिन सुबह पूजा का मुहूर्त 09 बजकर 09 से दोपहर 12 बजकर 23 मिनट तक है। इसके बाद प्रदोष काल में पूजा का मुहूर्त शाम 06 बजकर 48 मिनट से रात 09 बजकर 02 तक है।

धर्म जगत

SEE MORE...........