 Published By:धर्म पुराण डेस्क
 Published By:धर्म पुराण डेस्क
					 
					
                    
भगवान ने उनको यह युक्ति बतायी कि दैत्य और दानवों के साथ संधि करके मिल-जुलकर सिन्धु को मथने का उपाय करो। मन्दराचल को मथानी और वासु की नाग को नेती बनाओ।
मंथन करने पर पहले कालकूट निकलेगा, उसका भय न करना और फिर अनेक रत्न निकलेंगे, उनका लोभ न करना। अन्त में अमृत निकलेगा, उसे मैं युक्ति से तुम लोगों को पिला दूंगा। देवताओं ने जाकर दैत्यराज बलि महाराज से संधि कर ली।
अब देवता और दैत्य मन्दराचल को उखाड़कर ले चले, परंतु थक गए, तब भगवान प्रकट होकर उसे उठाकर गरुड़ पर रखकर सिन्धु तट पर पहुंचे। वासुकी अमृत के लोभ से नेती बने।
जब समुद्र मंथन होने लगा, तब बड़े-बड़े देवता और असुरों के पकड़े रहने पर भी अपने भार की अधिकता और नीचे कोई आधार न होने के कारण मंदराचल समुद्र में डूबने लगा। इस प्रकार अपना सब करा-कराया मिट्टी में मिलते देखकर उन सबका मन टूट गया।
उस समय भगवान ने यह देखकर कि यह सब विघ्नराज (गणेश जी) की करतूत है, उन्होंने हँसकर कहा— सब कार्यों के प्रारम्भ में गणेश जी की पूजा करनी चाहिये। सो तो हम लोगों ने बिल्कुल भुला दिया। बिना उनकी पूजा के कार्य सिद्ध होता नहीं दिखता। अब उन्हीं की पूजा करनी चाहिये। लीलामय भगवान की लीला है।
वे स्वयं सर्वसमर्थ हैं, परंतु कार्यारंभ में गणेश जी की अग्रपूजा की मर्यादा जो बांध रखी है, उसका पालन करने के लिये जब देवताओं और दैत्यों को यह परामर्श दिया तो सभी लोग उधर श्री गणेश जी की पूजा में लगे, इधर भगवान ने तुरंत अत्यंत विशाल एवं विचित्र कच्छप का रूप धारण कर समुद्र में प्रवेश करके अपनी एक लाख योजन वाली पीठ पर मंदराचल को ऊपर उठा लिया। तब देवता और दैत्य फिर बड़े वेग से समुद्र को मथने लगे।
भगवान कच्छप रूप से मंदराचल को धारण किये हुए थे, विष्णु रूप से देवताओं के साथ-साथ रहे थे। एक तीसरा रूप भी धारण करके मन्दराचल को अपने हाथों से दबाये हुए थे कि कहीं उछल न जाय। मथते मथते बहुत देर हो गयी, परंतु अमृत न निकला।
अब भगवान ने सहस्त्रबाहु होकर स्वयं ही दोनों ओर से मथना आरम्भ किया। उस समय भगवान की बड़ी विलक्षण शोभा थी। ब्रह्मा, शिव, सनकादि जय-जयकार करते हुए आकाश मंडल से पुष्पों की वर्षा कर रहे थे। उन लोगों की ध्वनि में ध्वनि मिलाकर समुद्र भी भगवान की जय-जयकार कर रहा था।
समुद्र से सर्वप्रथम 'हलाहल कालकूट विष' प्रकट हुआ, उससे त्रैलोक्य जलने लगा तो उसे देवाधिदेव महादेव ने ग्रहण किया। फिर और भी रत्न निकले। उनमें से 'कामधेनु' को ऋषियों ने स्वीकार किया। 'उच्चैःश्रवा' नामक अति सुन्दर बलिष्ठ अश्व को दैत्यों ने लिया। बाद में 'ऐरावत' नामक महान हाथी निकला, वह देवताओं के राजा इंद्र को मिला। 'कौस्तुभमणि' के प्रति सभी लालायित थे, उसे भगवान ने अपने कंठ में धारण कर लिया।
'कल्पवृक्ष' बिना किसी की उपेक्षा किये स्वर्ग में चला गया। 'अप्सराएँ' भी स्वेच्छा से स्वर्ग को ही प्रस्थान कर गयी। 'भगवती लक्ष्मी' ने अपनी ओर से उदासीन रहने पर भी सर्वगुण सम्पन्न भगवान विष्णु का वरण किया। 'वारुणी देवी' को दैत्यों ने बड़े चाव से लिया।
'धनुष' तो किसी से उठा ही नहीं। तब भगवान विष्णु ने उसे धारण किया। 'चन्द्रमा' को अनन्त आकाश विचरने के लिये दिया गया। 'दिव्यशङ्ख' को भगवान्ने स्वीकार किया। अन्त में 'अमृत-कलश' हाथ में लिये हुए प्रकट हुए धन्वन्तरि जी महाराज दैत्यों ने उनसे अमृत कलश छीन लिया, देवता उदास हो गये।
तब भगवान ने मोहिनी-स्वरूप धारण कर दैत्यों को व्यामोहित कर अमृत-कलश उनसे लेकर अमृत देवताओं को पिला दिया। देवताओं की पंक्ति में सूर्य और चन्द्रमा के बीच में एक राहु नामक दैत्य वेष बदलकर आ बैठा था। उसे अमृत पिलाया ही जा रहा था कि चन्द्रमा और सूर्य ने बता दिया और तुरंत ही भगवान के चक्र ने उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।
परंतु कुछ अमृत उसे मिल चुका था, अतः सिर कटने पर भी मरा नहीं। इसलिये उसे ग्रहों में स्थान दिया गया। राहु अब भी सूर्य-चन्द्रमा से बदला लेने के लिये उनके पर्व अमावस्या और पूर्णिमा पर आक्रमण करता है, जिसे ग्रहण कहते हैं। देवताओं ने अमृत पी ही लिया था। भगवान्का आश्रय था ही। अतः अब की बार संग्राम में विजय देवताओं की हुई।
 
 
                                मानव धर्म, सनातन धर्म का एक महत्वपूर्ण पहलू है..!!
February 24, 2024 
                                यदि आपके घर में पैसों की बरकत नहीं है, तो आप गरुड़...
February 17, 2024 
                                लाल किताब के उपायों को अपनाकर आप अपने जीवन में सका...
February 17, 2024 
                                संस्कृति स्वाभिमान और वैदिक सत्य की पुनर्प्रतिष्ठा...
February 12, 2024 
                                आपकी सेवा भगवान को संतुष्ट करती है
February 7, 2024 
                                योगानंद जी कहते हैं कि हमें ईश्वर की खोज में लगे र...
February 7, 2024 
                                भक्ति को प्राप्त करने के लिए दिन-रात भक्ति के विषय...
February 6, 2024 
                                कथावाचक चित्रलेखा जी से जानते हैं कि अगर जीवन में...
February 3, 2024 
                                
                                 
                                
                                 
                                
                                 
                                
                                 
                                
                                